Loading Now

Bihar News: जमीन के झगड़े ने तोड़ा रिश्ता, बेटे ने पिता और भाई पर चलाई गोली, दोनों बाल-बाल बचे, आरोपी गिरफ्तार

सार

ओबरा में जमीनी विवाद ने एक परिवार को खून-खराबे की कगार पर पहुंचा दिया, जब बेटे अजीत कुमार ने अपने ही पिता और बड़े भाई पर फायरिंग कर दी। सौभाग्य से दोनों बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने सघन छापेमारी कर उसे हरनाही पुल के पास गिरफ्तार कर लिया।

Bihar: Land dispute son opened fire on father brother caught by aurangabad bihar police investigation

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार – फोटो : अमर उजालाविज्ञापन

विस्तार

जमीनी विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता और सगे बड़े भाई पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दोनों के पास से गुजर गई और उनकी जान बच गई। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। ओबरा थाना अध्यक्ष नीतिश कुमार ने शनिवार दोपहर बताया कि ओबरा के पूर्व प्रमुख लालदेव सिंह के बड़े बेटे अमित कुमार ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई अजीत कुमार हत्या की नीयत से उन पर और उनके पिता पर गोली चला रहा है। दोनों किसी तरह उससे बचते हुए इधर-उधर भाग रहे थे।

पुलिस ने तुरंत बनाई टीम और शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा गया। वहां पता चला कि अजीत कुमार फायरिंग करने के बाद अपने चार पहिया वाहन से शंकरपुर की ओर भाग गया है। इसके बाद आसपास के थानों को अलर्ट किया गया और सघन छापेमारी शुरू की गई।
विज्ञापन

हरनाही पुल के पास पुलिस ने आरोपी को दबोचा
छापेमारी के दौरान जम्होर थाना क्षेत्र के हरनाही पुल के पास आरोपी पुलिस को देखकर गाड़ी से कूदकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और दो फायर किए हुए खोखा बरामद हुए। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसका थार वाहन भी जब्त कर लिया गया। ओबरा थाना में भादंवि की संबंधित धाराओं के तहत केस संख्या 157/26 दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि जमीनी विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया कर रही है।विज्ञापन

ये भी पढ़ें: गया में नर्सिंग होम में किशोर की मौत के बाद बवाल, तोड़फोड़ और मारपीट, CCTV वायरल, केस दर्ज

पहले से भी कई मामलों में आरोपी रहा शामिल
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पर पहले से आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ओबरा थाना के केस संख्या 164/18, 300/19, 457/22, 420/22 और गया जिले के आमस थाना का केस संख्या 232/19 शामिल हैं। ज्यादातर मामले मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Post Comment

You May Have Missed