Loading Now

Bihar:रिश्तों का कत्ल! तीन कट्ठा जमीन के लिए बड़े भाई को फरसे से काटा, बचाने आए भाभी और भतीजे को भी नहीं बख्शा

सार

बिहार के बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में तीन कट्ठा जमीन के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई अक्षयबर यादव की फरसे से हत्या कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक की पत्नी और बेटे पर भी हमला किया गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

buxar land dispute brother killed brother axe attack bihar crime news

(प्रतीकात्मक फोटो) – फोटो : अमर उजालाविज्ञापन

विस्तार

बिहार के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज तीन कट्ठा जमीन के विवाद में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में मृतक की पत्नी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

कैसे हुआ खूनी संघर्ष
घटना मुरार थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव की है। रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मिली जानकारी के अनुसार, रामाशीष यादव के छोटे बेटे कृष्णा यादव (35 वर्ष) का अपने बड़े भाई अक्षयबर यादव (50 वर्ष) के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
विज्ञापन

चूल्हा तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
बताया गया है कि मृतक की पत्नी मीना देवी घर के आंगन में मिट्टी का चूल्हा साफ कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी कृष्णा यादव वहां पहुंचे और चूल्हा तोड़ने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चूल्हा उनकी हिस्से की जमीन पर बना है और इसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। हल्ला सुनकर अक्षयबर यादव मौके पर पहुंचे और अपने भाई को समझाने की कोशिश करने लगे।
विज्ञापन

फरसे से किया ताबड़तोड़ हमला
इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि कृष्णा यादव ने पास में रखे फरसे से अक्षयबर यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अक्षयबर ने वार को हाथ से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह घायल हो गए। आरोपी ने लगातार हमला जारी रखा, जिससे उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से कट गए और अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी और बेटे पर भी हमला
अपने पति को बचाने पहुंचीं मीना देवी और बेटे विकास कुमार (18 वर्ष) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इस हमले में मीना देवी के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि विकास कुमार के गर्दन के पास गहरी चोट लगी है। उसके शरीर पर भी कई चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें: पहले ही दौरे में बड़ा दांव! CM सम्राट चौधरी ने मुंगेर में 12.49 करोड़ की योजना का किया शिलान्यास

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को पहले चौगाई और फिर बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अक्षयबर यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मां-बेटे का इलाज जारी है।

पुराना था जमीन विवाद
घायल विकास कुमार ने बताया कि जमीन को लेकर यह विवाद काफी समय से चल रहा था। आरोपी चाचा पहले ही दादी से तीन कट्ठा जमीन अपने नाम करा चुके थे और इसके बाद घर में हिस्सेदारी को लेकर लगातार झगड़ा करते रहते थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई बार समझौता भी हुआ था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष एसआई रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी कृष्णा यादव और उसकी पत्नी सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक अक्षयबर यादव एक किसान थे और खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Post Comment

You May Have Missed