Loading Now

बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद: सहरसा में पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मारकर 18 हजार की लूट, सुरक्षा में तैनात पुलिस नदारद

सहरसा। बिहार में अपराधियों का दुस्साहस कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ शनिवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पंप कर्मी (नोजल मैन) को गोली मार दी और करीब 18 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने एक बार फिर जिले की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

टंकी फुल कराने के बहाने आए और बरसाईं गोलियां

​वारदात शनिवार दोपहर करीब 4:30 बजे तिरी स्थित पूजा फ्यूल सेंटर पर हुई। चश्मदीदों के अनुसार, एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुँचे। उन्होंने वहाँ तैनात कर्मी आनंद कुमार से बाइक की टंकी फुल करने को कहा। जैसे ही आनंद ने पेट्रोल भरना शुरू किया, बदमाशों ने असलहा निकाल लिया और कैश की मांग करने लगे।

​जब आनंद कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, तो अपराधियों ने आव देखा न ताव और उनके बाएं पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही आनंद जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बदमाश आनंद के पास मौजूद ₹18,000 छीनकर बाइक से फरार हो गए।

अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

​घायल कर्मी आनंद कुमार को तुरंत लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली पैर के आर-पार निकल गई है। फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पंप मालिक का गंभीर आरोप: ‘सुरक्षा कर्मी मौके से थे गायब’

​इस घटना के बाद पेट्रोल पंप के मालिक अर्जुन चौधरी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने सुरक्षा के लिए यहाँ एक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए थे, लेकिन वारदात के वक्त कोई भी सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था। उन्होंने बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी जांच

​घटना की सूचना मिलते ही साइबर डीएसपी अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। डीएसपी ने बताया कि:

​”पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के भागने वाले रास्तों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”

​इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। जिला व्यापार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Previous post

बिहार में सियासी हलचल: ‘नया CM आते ही खत्म होगी शराबबंदी’, सहरसा में प्रशांत किशोर का बड़ा दावा; आर्थिक संकट पर सरकार को घेरा

Next post

इंसानियत अभी जिंदा है: पूर्णिया में तमाशबीन बने रहे लोग, वीडियो बनाते रहे मोबाइल; टोटो चालक ने जान पर खेल बचाई नदी में कूदी युवती की जान

Post Comment

You May Have Missed