वर्दी का टशन या नियमों की अनदेखी? वैशाली के होमगार्ड जवान ने राइफल के साथ बनाई रील, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वैशाली/पटना: बिहार पुलिस मुख्यालय के सख्त आदेशों और कार्रवाई की चेतावनियों के बावजूद पुलिसकर्मियों में ‘रील’ बनाने का भूत उतरने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला वैशाली जिले के एक होमगार्ड जवान से जुड़ा है, जिसका वर्दी में फिल्मी गानों पर झूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भोजपुरी गानों पर झूमते नजर आए जवान
वायरल वीडियो में दिख रहे जवान की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली के महनार थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में पटना के आलमगंज थाने में तैनात है। एक वीडियो में आनंद गाड़ी के भीतर बैठकर भोजपुरी गाने ‘काश की हमहूं बाली होती…’ पर रील बना रहा है। वहीं, एक अन्य वीडियो में वह ड्यूटी के दौरान हाथ में सरकारी राइफल लेकर ओवरब्रिज पर पोज़ देता दिखाई दे रहा है।
अपराधिक इतिहास और विवादों से पुराना नाता
हैरान करने वाली बात यह है कि रील बनाने वाले इस जवान का अतीत भी विवादों में रहा है। आनंद कुमार पर नवंबर 2024 में एक युवक पर जानलेवा हमला करने और 30 हजार रुपये लूटने का गंभीर आरोप लगा था। इस मामले में महनार थाने में कांड संख्या 433/24 के तहत प्राथमिकी भी दर्ज है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आनंद अपनी वर्दी और सोशल मीडिया वीडियो का इस्तेमाल लोगों को धमकाने और रसूख दिखाने के लिए करता है।
पुलिस मुख्यालय के आदेशों की सरेआम अवहेलना
बिहार पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर किसी भी प्रकार का सोशल मीडिया रील बनाना अनुशासनहीनता माना जाएगा। हाल के दिनों में कई पुलिसकर्मियों को इसके लिए सस्पेंड भी किया गया है, लेकिन आनंद कुमार जैसे जवानों के लिए शायद ये नियम कोई मायने नहीं रखते।
क्या होगी कार्रवाई?
वर्दी में राइफल के साथ प्रदर्शन करना पुलिस मैनुअल का गंभीर उल्लंघन है। आलमगंज थाने में तैनात इस जवान के वीडियो सामने आने के बाद अब जिला पुलिस प्रशासन और होमगार्ड मुख्यालय की नजर इस पर है। अब देखना यह होगा कि वरीय अधिकारी इस अनुशासनहीनता और पूर्व के अपराधिक मामलों को देखते हुए क्या कड़ा कदम उठाते हैं।



Post Comment