Bihar News: श्रीकृष्ण सेतु पर आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, दोनों चालकों की दर्दनाक मौत; ओवरटेक बना हादसे की वजह
सार
Bihar News: बेगूसराय के श्रीकृष्ण सेतु पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों चालकों की मौत हो गई। देर रात हुए हादसे की वजह ओवरटेक बताई जा रही है। भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से पुल पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। पढ़ें पूरी खबर…
विज्ञापन
विस्तार
बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रीकृष्ण सेतु पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रक साहेबपुर कमाल की ओर से आ रहा था, जिस पर अनाज लदा हुआ था, जबकि दूसरा ट्रक मुंगेर की तरफ से बालू लेकर सुपौल जा रहा था। देर रात करीब 2 बजे दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर ही फंस गए।
विज्ञापन
दूसरे चालक की पहचान नहीं हो पाई
हादसे में एक मृतक चालक की पहचान मुंगेर के गंगटा मोड़ निवासी सुकेश कुमार (26) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुल पर बढ़ा ट्रैफिक
स्थानीय लोगों के अनुसार, विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों का दबाव इस पुल पर बढ़ गया है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों के शवों को ट्रकों से बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक चालक का शव ट्रक के अंदर गहराई तक फंस गया था।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- Bihar News: पांच महीने से नहीं मिली मजदूरी, हाजीपुर बीज निगम में मजदूरों का हंगामा; भुगतान न मिलने पर काम ठप
परिवार में पसरा मातम
मृतक सुकेश कुमार अविवाहित था। परिजनों ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बाहर रहता था और हाल ही में घर से निकला था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस जांच जारी
थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Post Comment