Bihar Crime: तीन किशोरों ने युवक को चाकुओं से गोदा, गर्दन में फंसा टूटा ब्लेड; हिरासत में लिए सभी आरोपी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा Published by: दरभंगा ब्यूरो Updated Tue, 28 Apr 2026 04:15 PM IST
सार
Darbhanga Crime: दरभंगा के लहटा गांव में मामूली विवाद के बाद तीन किशोरों ने युवक पर चाकू से हमला किया। गर्दन में चाकू का टुकड़ा फंस गया। युवक डीएमसीएच में भर्ती है, जबकि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया।

ग्रामीणों के साथ बैठक के दौरान पुलिस – फोटो : अमर उजालाविज्ञापन
विस्तार
दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के लहटा गांव में सोमवार की रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में तीन किशोरों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान चाकू का एक टुकड़ा टूटकर युवक की गर्दन में फंस गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया
हमले के बाद ग्रामीणों ने घायल युवक को तुरंत बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस ने तीन किशोरों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में तीन नाबालिग किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
विज्ञापन
घायल युवक ने बताई हमले की वजह
डीएमसीएच में इलाजरत घायल रोशन कुमार ने बेंता थाना की पुलिस को बताया कि गांव के एक लड़के से उसका पहले विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। रोशन कुमार के अनुसार सोमवार की देर शाम वह तालाब किनारे टहल रहा था, तभी उक्त लड़का अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी।
पढ़ें- Bihar: मौत बनकर दौड़ी कार, ग्रामीणों को रौंदा; पुलिस ने पकड़ी गाड़ी तो अंदर का नजारा देख उड़े होश
चाकू से हमला, गर्दन में फंसा टुकड़ा
रोशन कुमार ने बताया कि मारपीट के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। वार के दौरान चाकू का एक हिस्सा टूट गया और उसकी गर्दन में फंस गया। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश
मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही घायल युवक को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। मामले में तीन किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति कायम रखने के लिए लोगों के साथ बैठक भी की जा रही है।
पुलिस की नजर पूरे हालात पर
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन पूरे हालात पर नजर रखे हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post Comment