Bihar News: स्टेशन पर हो गया कांड! पति से बात की, फिर गायब हुई विवाहिता; पूर्वा एक्सप्रेस से कर रही थी यात्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Thu, 07 May 2026 09:53 AM IST
सार
Bihar: गया जंक्शन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पति के साथ पूर्वा एक्सप्रेस से उतरी एक नवविवाहिता अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। प्रतीक्षालय से शौच जाने की बात कहकर निकली महिला का मोबाइल बंद मिला और सीसीटीवी फुटेज में वह स्टेशन गेट से बाहर जाती दिखाई दी।

गया जंक्शन से लापता विवाहिता की फाइल फोटोविज्ञापन
विस्तार
गया जंक्शन से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड क्षेत्र के शिवपुर डेहरी निवासी अंशु कुमार अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के साथ बुधवार को 12382 दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से गया पहुंचे थे। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर रुकी, जहां से दोनों उतरकर डेल्हा साइड स्थित प्रतीक्षालय में जाकर बैठ गए। बताया गया कि दोनों को प्लस टू लीला महतो हाई School जाना था, जहां इंटर पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए सीएलसी लेने की प्रक्रिया पूरी करनी थी।
शौच जाने की बात कहकर हुई गायब
इसी दौरान मुन्नी कुमारी ने पति से शौच जाने की बात कही और प्रतीक्षालय से बाहर निकल गई। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो पति अंशु कुमार परेशान हो उठा। उसने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद स्टेशन परिसर में खोजबीन शुरू की गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज ने बढ़ाई रहस्य की गुत्थी
मामले की सूचना मिलते ही गया रेल थाना और आरपीएफ पोस्ट की टीम सक्रिय हो गई। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में पति-पत्नी प्रतीक्षालय में बैठे दिखाई दिए। इसके कुछ देर बाद मुन्नी कुमारी स्टेशन गेट से बाहर जाती नजर आई, लेकिन वह किस दिशा में गई, यह कैमरे में स्पष्ट नहीं हो सका। इसी बात ने पूरे मामले को और रहस्यमयी बना दिया है।
विज्ञापन
मायके और ससुराल पक्ष में मचा हड़कंप
परिजनों के मुताबिक मुन्नी कुमारी की शादी करीब एक वर्ष पहले अंशु कुमार से हुई थी। परिवार वालों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद या तनाव नहीं था। मुन्नी का मायका गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके और ससुराल दोनों पक्षों में बेचैनी फैल गई। मां, पिता, भाई और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाई ने जताई अनहोनी की आशंका
मुन्नी कुमारी के भाई मुकेन्द्र कुमार ने बताया कि बहन का अचानक इस तरह गायब हो जाना पूरे परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं उसके साथ कोई अप्रिय घटना न हो गई हो। परिवार ने रेल पुलिस और आरपीएफ से जल्द से जल्द महिला को खोजने की मांग की है। साथ ही आम लोगों से भी अपील की है कि अगर मुन्नी कुमारी कहीं दिखाई दे तो तुरंत गया रेल थाना या आरपीएफ पोस्ट को सूचना दें।
ये भी पढ़ें: शादी में शामिल होने जा रहे परिवार के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, बाइक की टक्कर में मासूम की मौत, तीन घायल
पुलिस जांच में जुटी, अब तक नहीं मिला सुराग
फिलहाल जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की तलाश में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक मुन्नी कुमारी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

Post Comment