Bihar: छपरा के गोढा गांव में तिलकोत्सव के दौरान हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाते समय पार्षद ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

अपराध – फोटो : अमर उजालाविज्ञापन
विस्तार
सारण जिले के मांझी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत गोढा गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। तिलकोत्सव की खुशियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें वार्ड संख्या-09 के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
तिलकोत्सव की खुशियां विवाद में बदलीं
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गोढा गांव निवासी अशोक ठाकुर के पुत्र एवं वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर अपने घर पर तिलकोत्सव की तैयारियों में जुटे हुए थे। दरवाजे पर टेंट-पंडाल सज चुका था, घर में मंगलगीत गूंज रहे थे और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच देर शाम लगभग नौ बजे पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।विज्ञापन
चाकू से हमला, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
हिंसक झड़प के दौरान अपराधियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वार्ड पार्षद सहित उनके चचेरे भाई मुकेश ठाकुर और रितेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल मांझी प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।विज्ञापन
रास्ते में वार्ड पार्षद की मौत से मचा कोहराम
परिजनों ने बताया कि रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे जब तीनों घायलों को छपरा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, उसी दौरान बीच रास्ते में ही वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
परिवार में कोहराम, गांव में तनाव
मृतक राजा बाबू ठाकुर अपने छह भाइयों और बहनों में सबसे बड़े थे। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
ये भी पढ़ें: 16 साल की बेटी प्रेम में पड़ी, ननिहाल से घर आने के अगले दिन मौत; हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार
पुलिस ने शुरू की छापेमारी, अतिरिक्त बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मांझी थाने के थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
विज्ञापन
Post Comment