Bihar: अचानक पुनौरा धाम पहुंचे मुख्य सचिव और DGP, मंदिर निर्माण और सीमा सुरक्षा को लेकर की हाई लेवल बैठक
Bihar: सीतामढ़ी के पुनौरा धाम मंदिर में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने अचानक दौरा कर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

सीतामढ़ी पहुंचे मुख्य सचिव और डीजीपी – फोटो : सोशल मीडियाविज्ञापन
विस्तार
सीतामढ़ी में शनिवार को प्रशासनिक हलचल तेज रही, जब राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार अचानक पुनौरा धाम मंदिर पहुंचे और वहां उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इससे पूर्व अधिकारियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
बैठक में मुख्य सचिव ने मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने डीएम रिची पांडेय, एसपी अमित रंजन समेत निर्माण एजेंसियों और जिला प्रशासन को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बता दें कि आगामी 25 अप्रैल 2026 को जानकी नवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन की भी संभावना है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुनौरा धाम के विकास कार्यों और जिले के अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लेंगे।
विज्ञापन
सीमा सुरक्षा को लेकर एसएसबी अधिकारियों के साथ चर्चा
सीतामढ़ी का नेपाल सीमा से सटा होना सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इस दौरान सीमा सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने सीमा पर सतर्कता बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
जिला प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: चार बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, एंबुलेंस का इंतजाम कर रहा था पति, तभी टूट गई पत्नी की सांसें
विकास और सुरक्षा दोनों पर जोर
इस दौरे को जिले के विकास और सुरक्षा दोनों दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां मंदिर निर्माण कार्य को गति देने पर जोर दिया गया, वहीं दूसरी ओर सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। उच्चस्तरीय अधिकारियों के इस दौरे से प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।विज्ञापन
Post Comment