Bihar News: पटना में नितिन नवीन का भव्य स्वागत, विधायकों को किया सम्मानित; बोले- राजनीतिक बनने से पहले सामाजिक बनें:-
पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद नितिन नवीन गांधी मैदान स्थित बापू सभागार पहुंचे, जहां आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
बापू सभागार से निकलने के बाद नितिन नवीन कदमकुआं स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने जेपी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी भी की और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रखंड स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले प्रखंड अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। नितिन नवीन ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और संदेशों को जनता तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सम्मान समारोह के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों और नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। इस बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने दो प्रमुख बातें कहीं। पहली, “राजनीतिक बनने से पहले सामाजिक बनें।” उन्होंने कहा कि समाज से जुड़ाव और लोगों की समस्याओं को समझना किसी भी जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी है। दूसरी बात उन्होंने यह कही कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल तक पहुंचाया जाए, ताकि आम जनता का भरोसा और मजबूत हो सके।
उनके इस दौरे को बिहार भाजपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले समय में संगठन और अधिक सक्रिय रूप में नजर आएगा।



Post Comment