Bihar News: बारात निकलने से पहले पथराव, आधा दर्जन महिलाएं घायल; दूल्हे की बग्घी तोड़ी
Bihar News: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव में बारात निकलने से पहले पूजा के दौरान महिलाओं और बच्चों पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों, रॉड और ईंट-पत्थर से किए गए इस हमले में करीब आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं और दूल्हे की बग्घी क्षतिग्रस्त कर दी गई।

पथराव के जमा लोगों की भीड़ व पुलिसविज्ञापन
विस्तार
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव में एक शादी समारोह में बारात निकलने से पहले बिलौकी और ब्रह्मपूजा के लिए निकली महिलाओं, लड़कियों और बच्चों पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों और रॉड से मारपीट की, फिर छत पर चढ़कर ईंट-पत्थर बरसाए। इस हमले में करीब आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। दूल्हे की बग्घी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई, घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। पीड़ित श्याम साहू ने गांव के ही आंगनबाड़ी सेविका कामिनी कुमारी के पति परशुराम साह उर्फ दिलीप साह, सुरेश साह, ऋषि साह, रवि साह, राहुल साह और रजत साह सहित कई लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बारात से पहले पूजा के दौरान हुआ हमला
श्याम साहू के अनुसार, उनके पुत्र सुमन कुमार की बारात कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर जानी थी। बारात निकलने से पहले घर की महिलाएं, लड़कियां और बच्चे दूल्हे के साथ ब्रह्मपूजा और बिलौकी के लिए गांव में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान शाम को ब्रह्मस्थान के पास घात लगाए बैठे आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
विज्ञापन
महिलाओं पर गंभीर चोट, सोने का हार छीना
हमले में आरती कुमारी के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि नीतू देवी और बैजनाथ साह समेत कई अन्य लोग भी घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने अश्लील हरकत करते हुए आरती कुमारी के गले से करीब 18 ग्राम का सोने का हार छीन लिया।
विज्ञापन
दूल्हे की बग्घी तोड़ी, आरोपी फरार
उपद्रवियों ने छत पर चढ़कर लगातार ईंट-पत्थर फेंके, जिससे दूल्हे की बग्घी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी अपने घरों में छिप गए और बाद में फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: घर में थी शादी, दरधा नदी में डूबने से बालक की मौत, खुशी का माहौल मातम में बदला
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
घटना की सूचना डायल 112 पर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सिंहवाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड संख्या 121/26 दर्ज कर ली गई है। दरोगा अजय कुमार पाल को अनुसंधानकर्ता बनाया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Post Comment