दरभंगा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं; बारात निकलने से 13 दिन पहले सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक घर में बजने वाली शहनाइयां मातम की चीखों में बदल गईं। अपनी ही शादी की तैयारियों के लिए बेंगलुरु से घर आए 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में जान चली गई। हादसा दरभंगा-सहरसा स्टेट हाईवे-17 पर झमटा गांव के पास हुआ, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
फुफेरी बहन की शादी से लौट रहा था मृतक
मृतक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के अखतबाड़ा गांव निवासी चंद्र किशोर चौपाल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चंद्र किशोर जाले थाना क्षेत्र के मनगर गांव अपनी फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने गया था। सोमवार रात जब वह शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी झमटा गांव के समीप किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।
राहगीरों की सूचना पर जाले थाना पुलिस मौके पर पहुँची और उसे स्थानीय अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
20 अप्रैल को होने वाली थी शादी
चंद्र किशोर के घर में इन दिनों उत्सव का माहौल था। वह बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में काम करता था और विशेष रूप से अपनी शादी के लिए ही गांव आया था। उसकी शादी 20 अप्रैल को बिरौल के पोखराम हरिपटनियां गांव में तय थी। घर के लोग कार्ड बांटने और खरीदारी में व्यस्त थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। महज 13 दिन बाद जिसकी बारात निकलनी थी, उसकी अर्थी उठते देख पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।
परिवार का सहारा था ‘चंदू’
दशरथ चौपाल के चार पुत्रों में चंद्र किशोर तीसरे नंबर पर था और अपने परिवार का बड़ा आर्थिक सहारा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुँची, कोहराम मच गया। मां अपने बेटे ‘चंदू’ को पुकारते हुए बार-बार बेहोश हो रही हैं, वहीं पिता सदमे में पत्थर से हो गए हैं।
बिना पोस्टमार्टम के हुआ अंतिम संस्कार
घटना की जानकारी मिलने के बाद जाले थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू की, लेकिन शोकाकुल परिजनों ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। मंगलवार सुबह गांव में ही गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
स्टेट हाईवे-17 पर रात के समय अज्ञात वाहनों की तेज रफ्तार और लचर पुलिस गश्ती एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रात में ओवरस्पीडिंग के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। पुलिस फिलहाल टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश कर रही है।



Post Comment