Loading Now

Bihar News: तेज प्रताप यादव भड़के, कहा– किसी लड़की से मेरा कोई संबंध नहीं; साजिश रचने वालों पर जाएंगे कोर्ट

पटना।
बिहार की राजनीति में एक बार फिर तेज प्रताप यादव सुर्खियों में हैं। रविवार को दिनभर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उनके पिता बनने की अफवाहें उड़ती रहीं, जिसके बाद तेज प्रताप यादव ने देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनका किसी भी लड़की के साथ कोई निजी संबंध नहीं है और यह पूरी तरह से उनके खिलाफ रची गई साजिश है।
तेज प्रताप यादव ने प्रेस वार्ता में कहा कि पिछले कुछ समय से उनके खिलाफ लगातार झूठी और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार और पार्टी के आसपास मौजूद कुछ लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। तेज प्रताप ने ऐसे लोगों को “पांच जयचंद” बताते हुए उनके नाम भी सार्वजनिक किए और कहा कि इन्हीं लोगों की वजह से उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से दूर किया गया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां, गालियां और झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। कुछ लोगों ने तो उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर फोटो वायरल करने की भी कोशिश की, जिससे उन्हें मानसिक और राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाया गया। तेज प्रताप ने सवाल उठाया कि आखिर हर बार उन्हें ही निशाना क्यों बनाया जाता है।
तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट कहा कि उनके ऊपर जिस लड़की के साथ संबंध होने का आरोप लगाया जा रहा है, वह पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई सबके सामने आनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह उनके पिता लालू प्रसाद यादव को पहले झूठे मामलों में फंसाया गया, उसी तरह अब उन्हें भी बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। तेज प्रताप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब वह चुप नहीं बैठेंगे और इस मामले को लेकर दिल्ली कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि हाल ही में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित चूड़ा-दही कार्यक्रम में उनके पिता उन्हें आशीर्वाद देने पहुंचे थे, जो कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। इसके बाद ही उनके खिलाफ अफवाहों का दौर शुरू कर दिया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सच्चाई सामने आएगी और न्याय जरूर मिलेगा।

Post Comment

You May Have Missed