T20 World Cup 2026: भारत की ऐतिहासिक जीत पर जेडीयू नेता निशांत कुमार ने दी बधाई, ईशान किशन को लेकर कही ये बड़ी बात
पटना: आईसीसी टी20 पुरुष विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के विशाल अंतर से हराकर विश्व विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस एतिहासिक सफलता पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जेडीयू नेता निशांत कुमार ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी हैं और विशेष रूप से विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की सराहना की है।
ईशान किशन ने बढ़ाया बिहार का मान: निशांत कुमार
पटना में मीडिया से बात करते हुए निशांत कुमार ने भारतीय टीम के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मैं पूरी टीम को इस शानदार जीत के लिए दिल से बधाई देता हूं। टीम इंडिया ने जिस तरह का खेल दिखाया है, वह काबिले तारीफ है। हमारे लिए गर्व की बात यह है कि ईशान किशन ने इस विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन किया है। हमें गर्व है कि हम उसी राज्य से आते हैं, जिससे ईशान ताल्लुक रखते हैं।”
निशांत कुमार ने आगे कहा कि खिलाड़ियों को इसी तरह का जज्बा आगे भी बरकरार रखना चाहिए। बता दें कि यह प्रतिक्रिया उन्होंने अपनी माता मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने और पटना साहिब स्थित तख्तश्री हरिमंदिर जी में दर्शन के बाद दी।
फाइनल का लेखा-जोखा: टीम इंडिया ने खड़ा किया रनों का हिमालय
फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
- संजू सैमसन: 46 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेली।
- अभिषेक शर्मा: मात्र 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को आक्रामक शुरुआत दी।
- ईशान किशन: बिहार के इस लाल ने 25 गेंदों में 54 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल मध्यक्रम को मजबूती दी।
- शिवम दुबे: अंत में 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर को 255 तक पहुँचाया।
जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल की घातक गेंदबाजी
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने बेबस नजर आई। हालांकि टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाकर उम्मीद जगाई थी, लेकिन जसप्रीत बुमराह की आग उगलती गेंदों ने कीवियों की कमर तोड़ दी। बुमराह ने अपने कोटे में केवल 15 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, स्पिनर अक्षर पटेल ने भी बेहतरीन साथ निभाते हुए 27 रन देकर 3 विकेट लिए। पूरी न्यूजीलैंड टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई और भारत ने 96 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा किया।



Post Comment