मुरादाबाद में चोरी की दो वारदातें: जनरल स्टोर का ताला तोड़ टेंपो से फरार, एकता विहार में जेवरात साफ:-
मुरादाबाद। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला Moradabad के मझोला और कटघर थाना क्षेत्रों से सामने आया है, जहां चोरों ने एक जनरल स्टोर और एक मकान को निशाना बनाकर नगदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनरल स्टोर का ताला तोड़कर टेंपो में भरकर ले गए सामान
पहली घटना मझोला थाना क्षेत्र के खुशहालपुर सिद्धार्थनगर की है। यहां रहने वाले सूरज सिंह की रोड किनारे जनरल स्टोर की दुकान है और पीछे ही उनका आवासीय मकान स्थित है। शुक्रवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर वह घर में सोने चले गए।
देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर गल्ले में रखी करीब 13 हजार रुपये की नगदी, आटे के कट्टे, सर्फ, छह किलोग्राम दूध और बिस्किट के पैकेट समेत हजारों रुपये का सामान समेट लिया।
शनिवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा हुआ ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान से सामान उठाकर टेंपो में भरते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि आरोपी का चेहरा स्पष्ट नहीं दिखा, लेकिन पुलिस टेंपो के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मझोला पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
एकता विहार में मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी
दूसरी घटना कटघर थाना क्षेत्र के एकता विहार दक्षिणी की है। यहां निवासी मो. दानिश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने मकान के प्रथम तल पर रहते हैं, जबकि भूतल पर किराएदार मो. उजैर परिवार के साथ रहते हैं।
23 जनवरी को उनकी मां की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके चलते वह अपने पैतृक गांव गोविंदपुर खुर्द, थाना मूंढापांडे चले गए थे। छह फरवरी को वह कुछ जरूरी कपड़े लेने घर आए थे। इसके बाद 11 फरवरी को किराएदार ने फोन कर सूचना दी कि मकान के ताले टूटे हुए हैं।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि चोर किराएदार के कमरे से सोने-चांदी के जेवरात, एक हीरे की अंगूठी और कुछ नगदी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने इस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों वारदातों ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जानी चाहिए। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन से लोगों ने प्रभावी कार्रवाई और गश्त तेज करने की मांग की है।



Post Comment