Loading Now

बिहार: शिवहर में खूनी रंजिश का तांडव, 2017 के विवाद में युवक की गला काटकर हत्या; आरोपी और उसकी बहन गिरफ्तार

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ तरियानी छपरा थाना क्षेत्र में 2017 से चली आ रही एक पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। 35 वर्षीय विनोद राय की चाकू से गोदकर और गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर-शिवहर सीमा पर स्थित एक गेहूं के खेत से मृतक का शव बरामद किया है।

क्या है पूरा मामला?

​मृतक की पहचान गंगा धरमपुर (वार्ड नंबर 6) निवासी विनोद राय के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, इस खूनी खेल की पटकथा साल 2017 में ही लिखी जा चुकी थी। उस समय विनोद राय ने अपने खेत की सिंचाई के लिए बिजली का तार बिछाया था। दुर्भाग्यवश, आरोपी अरुण कुमार के पिता की उस तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। तभी से अरुण का परिवार विनोद से बदला लेने की फिराक में था।

साजिश के तहत ले गया साथ

​मृतक के भाई सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपी अरुण कुमार लगातार विनोद को धमकियां देता था। सोमवार की शाम आरोपी ने बड़ी चालाकी से विनोद को बहला-फुसलाकर मुजफ्फरपुर के गंगटी बाजार ले गया। आरोप है कि वहां नशा करने के बाद देर रात गांव के समीप सरेह (सुनसान इलाके) में ले जाकर विनोद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हत्यारों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए विनोद का गला भी काट दिया और शव को गेहूं के खेत में फेंक कर फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

​घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसडीपीओ सुशील कुमार और तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की।

​आरोपी अरुण कुमार वारदात को अंजाम देने के बाद सीतामढ़ी जिले के गिद्दा फुलवरिया गांव में अपनी बहन के घर छिप गया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सूचना तंत्र की मदद से त्वरित छापेमारी की और आरोपी अरुण कुमार के साथ-साथ उसकी बहन पूनिया देवी (पुनीता) को भी हिरासत में ले लिया है।

गांव में पसरा मातम और तनाव

​विनोद की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी संजना देवी और पिता किशोरी राय का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस जघन्य अपराध को लेकर गहरा आक्रोश और तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Previous post

पटना में होली की खुशियां मातम में बदलीं: होली मिलन समारोह में विवाद के बाद फायरिंग, समझाने पहुंचे युवक को लगी गोली

Next post

Bihar News: बेगूसराय में आधी रात को पुलिस का एक्शन; 400 से अधिक होमगार्ड अभ्यर्थी हिरासत में, अनशन खत्म

Post Comment

You May Have Missed