Bihar: शादी के 10 दिन बाद सनसनी, पत्नी ने सोते पति पर डाला खौलता तेल
बिहार के शिवहर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज दस दिन बाद एक पत्नी ने अपने पति पर खौलता सरसों का तेल डाल दिया। यह घटना पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बाघा गांव की बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक मोहम्मद मुन्ना की शादी 3 फरवरी 2026 को पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से हुई थी। परिवार के मुताबिक शादी के बाद से ही घर में तनाव का माहौल बना हुआ था। आरोप है कि पत्नी पति को अपने कमरे में सोने नहीं देती थी और उसे अलग कमरे में भेज देती थी। यहां तक कि शादी के बाद होने वाली चौठारी की रस्म के बाद भी पत्नी ने उसे अपने कमरे में प्रवेश नहीं करने दिया।
परिजनों का कहना है कि इस व्यवहार को लेकर परिवार ने कई बार समझौते की कोशिश की। युवक के पिता ने लड़की के परिजनों को बुलाकर बातचीत भी की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि अंदरूनी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
खौलते तेल से हमला
घटना के दिन मोहम्मद मुन्ना दिन में कंबल ओढ़कर सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी रसोई में गई और करीब पांच लीटर सरसों का तेल गर्म किया। आरोप है कि उसने खौलता तेल सो रहे पति पर उड़ेल दिया। तेल पड़ते ही युवक दर्द से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक शरीर के कई हिस्सों में गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी के इतने कम समय बाद इस तरह की वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है।



Post Comment