Bihar: मातृ-शिशु स्वास्थ्य में नई छलांग, राज्य सरकार ने Bill & Melinda Gates Foundation के साथ MoC किया रिन्यू
बिहार सरकार ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के बाद अब विकास की नई छलांग लगाने की तैयारी कर ली है। राज्य सरकार ने Bill & Melinda Gates Foundation (गेट्स फाउंडेशन) के साथ अपने सहयोग ज्ञापन (MoC) को अगले पांच वर्षों के लिए नवीनीकृत कर दिया है। यह नया समझौता अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और वर्ष 2031 तक लागू रहेगा।
पुराना सचिवालय सभाकक्ष, पटना में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की मौजूदगी में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए। बिहार सरकार की ओर से मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और गेट्स फाउंडेशन की भारत निदेशक अर्चना व्यास ने समझौते को औपचारिक रूप दिया।
2030 के एसडीजी लक्ष्य पर फोकस
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गेट्स फाउंडेशन का तकनीकी सहयोग और वैश्विक अनुभव राज्य की योजनाओं को गति देगा। यह साझेदारी केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि संस्थागत क्षमता निर्माण और सेवा गुणवत्ता सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि वर्ष 2011 के बाद से राज्य में मातृ और शिशु मृत्यु दर में लगभग 50 प्रतिशत तक कमी आई है। वर्तमान में मातृ मृत्यु अनुपात (MMR) घटकर 104 तक पहुंच चुका है, जबकि सरकार का लक्ष्य 2030 तक इसे 70 तक लाना है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के अनुसार संस्थागत प्रसव दर 76.2 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा पूर्ण टीकाकरण कवरेज 93 प्रतिशत तक दर्ज किया गया है। यह राज्य के स्वास्थ्य ढांचे में आए सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग
नई अवधि के समझौते के तहत स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और ग्रामीण विकास क्षेत्रों में तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम मजबूत करने और डेटा-आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को सशक्त बनाने पर भी काम होगा।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि यह समझौता राज्य की संस्थागत क्षमता को मजबूत करेगा और दीर्घकालिक विकास रणनीति को नई दिशा देगा। अर्चना व्यास ने भरोसा दिलाया कि गेट्स फाउंडेशन बिहार के साथ मिलकर रोग और गरीबी के बोझ को कम करने की दिशा में निरंतर सहयोग करता रहेगा।



Post Comment